Tuesday, October 20th, 2026

अमित शाह ने खड़गपुर में निकाला रोड शो, जनसैलाब देखकर बोले- 'यह बंगाल में बदलाव की लहर है'

खड़गपुर (पश्चिम बंगाल)
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने असम में चुनावी सभाओं को संबोधित करने के बाद पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में रोड शो निकाला। रविवार शाम को निकाले गए रोड शो में उमड़े जनसैलाब को देख अमित शाह ने कहा कि यह पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर है। बीजेपी सरकार बंगाल में वास्तविक बदलाव लाने में कामयाब होगी, एक बार फिर 'सोनार बांग्ला' बनाया जाएगा। बंगाल में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। अमित शाह का रोड शो स्थानीय बीजेपी कार्यालय ‘प्रेमहरि भवन’ से शुरू हुआ और करीब एक किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद इसका समापन मालनचा पेट्रोल पंप पर हुआ। शाह के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष दिलीप घोष भी थे। शाम को हुई रैली में बीजेपी के हजारों समर्थक शामिल हुए। वहीं, रोड शो देखने के लिए घरों की छतों पर और बालकनी में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित थे। शाह ने लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उनके साथ खड़गपुर सदर सीट से पार्टी के उम्मीदवार अभिनेता हिरन चटर्जी भी थे।

'200 से ज्‍यादा सीटें जीतकर बनाएंगे बंगाल में सरकार'
रोड शो में उपस्थित जनता से मुखातिब अमित शाह ने कहा कि 200 से अधिक सीटों के साथ बीजेपी पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने जा रही है। पश्चिम बंगाल की जनता निश्चित रूप से यहां बदलाव चाहती है और इस बार यहां बीजेपी जीतेगी। अपने भाषण के दौरान अमित शाह ने टीएमसी सरकार पर भी निशाना साधा।

 

#Amit Shah

Source : Agency

पाठको की राय